रामगढ़ बाजार से दबोचा गया मंदिर का चोर, चोरी का सामान बरामद
बलिया। हल्दी थाना क्षेत्र के एक मंदिर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से मंदिर से चोरी की गई नकदी, पूजा सामग्री और वाद्य यंत्र बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार मंदिर से दानपात्र की नकदी, पीतल व तांबे के लोटे, थाली, फूलों की झालर तथा पूजा में प्रयुक्त अन्य सामान चोरी होने की शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर रामगढ़ बाजार के समीप घेराबंदी कर रकबा टोला निवासी अजय पासवान (22) को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया।
हल्दी पुलिस का कहना है कि धार्मिक स्थलों पर चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाएगी।



