न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने वारंटीयों को किया गिरफ्तार
बलिया। न्यायालय से जारी वारंटों के अनुपालन में मनियर थाना पुलिस ने रविवार को कार्रवाई करते हुए दो वारंटियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। गिरफ्तारी के बाद दोनों के विरुद्ध आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी की गई।
पुलिस के मुताबिक सत्र न्यायालय से जारी गैर जमानती वारंट के आधार पर बड़ी बाजार वार्ड निवासी बड़क वर्मा को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। वहीं परिवार न्यायालय द्वारा जारी वसूली वारंट के अनुपालन में बड़ागांव निवासी दिग्विजय वर्मा को भी पुलिस ने हिरासत में लिया।
यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र के निर्देशन में गठित पुलिस टीमों ने की। पुलिस का कहना है कि न्यायालय से जारी वारंटों के अनुपालन का अभियान लगातार जारी रहेगा और वारंटियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।



