शादी का झांसा देकर नाबालिग को भगाने वाला युवक गिरफ्तार, 20 दिन बाद सकुशल मिली पीड़िता
बलिया। जनपद के गड़वार थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। करीब 20 दिन बाद किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया गया, जबकि आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 16 वर्षीय किशोरी 9 जून को अपनी मौसी के घर नरांव गांव आई थी। आरोप है कि 20 जून को पड़ोस में रहने वाला विजय पासवान (25), निवासी बैजलपुर, थाना मुहम्मदाबाद (गाजीपुर), उसे शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया। परिजनों की तहरीर पर गड़वार थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 10 जुलाई को चिलकहर रेलवे पूर्वी मोड़ के पास से किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। मौके से आरोपी विजय पासवान को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत गड़वार पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया।



