हज यात्रियों की सुविधाओं को लेकर राज्य हज समिति की बैठक, जागरूकता अभियान पर जोर
बलिया। विकास भवन स्थित सभागार में उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें हज यात्रा को अधिक सुगम, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में हज यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं की समीक्षा करते हुए जागरूकता बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति के सदस्य जनाब जावेद कमर खान ने कहा कि सरकार हज यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि यदि हज यात्रा के दौरान किसी प्रकार की समस्या या असुविधा सामने आती है तो उसके त्वरित समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी आशुतोष पांडे ने हज यात्रा की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों और सरकारी व्यवस्थाओं की जानकारी दी। बैठक में उपस्थित इमामों, मौलानाओं और धर्मगुरुओं से अपील की गई कि वे मस्जिदों और मदरसों के माध्यम से लोगों को हज यात्रा से जुड़ी आवश्यक जानकारियां दें, ताकि पात्र लोग समय पर आवेदन कर सरकारी सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
बैठक में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के क्षेत्रीय मंत्री सरदार विश्वजीत सिंह, जिला महामंत्री मोमिन अहमद, जिला उपाध्यक्ष रेयाज अहमद सहित जिले की विभिन्न मस्जिदों के इमाम, मौलाना, धर्मगुरु और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



