सहिया गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, चार युवक घायल; दो की हालत गंभीर
बलिया । उभांव थाना क्षेत्र के बेल्थरारोड-सिकंदरपुर मार्ग पर सहिया गांव के सामने शुक्रवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से सभी घायलों को सीएचसी सीयर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने चारों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घायलों में सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के डूहा बिहरा निवासी अमन गोड़ (21) और प्रदीप (22) तथा उभांव थाना क्षेत्र के हल्दीरामपुर के नरला निवासी अनुज तिवारी (34) और मोनू यादव (27) शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, अमन गोड़ और प्रदीप मर्यादपुर (मधुबन, मऊ) में रिश्तेदारी जा रहे थे, जबकि अनुज तिवारी और मोनू यादव बेल्थरारोड से अपने घर लौट रहे थे। सहिया गांव के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
चिकित्सकों के अनुसार, अमन गोड़ और अनुज तिवारी की हालत चिंताजनक बनी हुई है। सूचना मिलने पर उभांव पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी।



