विद्युत चोरी के मामले में फरार वारंटी चढ़ा पुलिस के हत्थे
बलिया। न्यायालय से जारी गैर जमानती वारंट के बावजूद लंबे समय से फरार चल रहे एक वारंटी को हल्दी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देश पर जनपद में वांछित अभियुक्तों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बैरिया आलोक कुमार गुप्ता के निर्देशन में हल्दी थाना पुलिस ने शुक्रवार सुबह दबिश देकर फरार वारंटी विजय तुरहा निवासी शुक्लछपरा, थाना हल्दी को दिमागी चट्टी ढाला से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ अपराध संख्या 473/2022 में विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत मामला दर्ज है। इस प्रकरण में एएसजे/स्पेशल जज (ईसी एक्ट), बलिया की अदालत से गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद से वह फरार चल रहा था।
थानाध्यक्ष राजू कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। जनपद में फरार वारंटियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।



