न्यायालय के वारंट पर बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार
बलिया। न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) को हल्के में लेना दो आरोपितों को भारी पड़ गया। उभांव थाना पुलिस ने टंगुनिया गांव में दबिश देकर लंबे समय से वांछित चल रहे दो वारंटी अभियुक्तों को उनके घर से गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला और क्षेत्राधिकारी रसड़ा रजनीश कुमार की निगरानी में प्रभारी निरीक्षक दिनेश पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
ग्राम न्यायालय बेल्थरा रोड से जारी एनबीडब्ल्यू के अनुपालन में इन्द्रजीत पुत्र रामविलास धरकार और सूरज पुत्र इन्द्रजीत, निवासी टंगुनिया, थाना उभांव को उनके आवास से गिरफ्तार किया गया। दोनों के विरुद्ध मारपीट, बलवा, गाली-गलौज और धमकी देने के मामले में मुकदमा दर्ज था और वे न्यायालय के वारंट पर वांछित चल रहे थे।
पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की और न्यायालय में पेश करने के लिए भेज दिया। जनपद पुलिस का कहना है कि वारंटियों और फरार अभियुक्तों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



