प्रधानाचार्य ने प्रिशा को किया सम्मानित, विद्यार्थियों को दिया आत्मविश्वास का मंत्र
बलिया । सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल रसड़ा के प्रधानाचार्य संजीव सिंह चौहान ने ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद आयोजित प्रथम प्रार्थना सभा में Crescendo Zonal Round के लिए चयनित होकर लखनऊ में विद्यालय का प्रतिनिधित्व करने वाली छात्रा प्रिशा को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।
सम्मान समारोह के दौरान प्रधानाचार्य ने कहा कि प्रिशा की उपलब्धि विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय छात्रा की मेहनत के साथ-साथ शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यालय परिवार के सहयोग को भी दिया।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए संजीव सिंह चौहान ने कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए सबसे पहले स्वयं को हर दिन बेहतर बनाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने छात्रों से बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, अनुशासन का पालन करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
प्रार्थना सभा का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने नए उत्साह और सकारात्मक सोच के साथ नियमित शैक्षणिक गतिविधियों की शुरुआत की।



