मुखबिर की सूचना ने खोली गौ तस्करी की पोल, पुलिस ने तीन पिकअप से 11 गोवंश छुड़ाए
बलिया। गड़वार थाना क्षेत्र में पुलिस ने गौ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान तीन पिकअप वाहनों से 11 गोवंश (6 गाय और 5 बछड़े) बरामद किए गए, जिन्हें कथित तौर पर क्रूरता के साथ ले जाया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, गड़वार पेट्रोल पंप के पास मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर तीनों वाहनों को रोका गया। तलाशी के दौरान गोवंश बरामद होने पर आकाश विश्वकर्मा, मोहन यादव, शिवानंद यादव और शिवकुमार यादव को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
इस मामले में आरोपियों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जिले में गौ तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



