चकबंदी विभाग में 4969 मुकदमे लंबित, डीएम का फूटा गुस्सा; अधिकारियों को शोकॉज नोटिस के आदेश
बलिया। जिले में चकबंदी विभाग की कार्यप्रणाली पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है। समीक्षा बैठक में चकबंदी विभाग में 4,969 मुकदमे लंबित मिलने पर डीएम ने गहरी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी मंगला प्रसाद ने स्पष्ट कहा कि पांच वर्ष से अधिक पुराने सभी चकबंदी वादों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अनावश्यक देरी और लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा लंबित मामलों को मिशन मोड में निपटाने की कार्ययोजना तैयार कर तत्काल अमल किया जाए।
डीएम ने कहा कि चकबंदी से जुड़े विवादों का समयबद्ध समाधान ग्रामीणों के हित में बेहद जरूरी है। इसलिए अधिकारी नियमित समीक्षा करते हुए पुराने मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें, अन्यथा जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।



