“काम नहीं तो कार्रवाई तय” — सीएम डैशबोर्ड बैठक में डीएम का सख्त संदेश
बलिया। जिले में विकास कार्यों की सुस्त चाल पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह का सख्त तेवर देखने को मिला। सीएम डैशबोर्ड समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि अब बहाने नहीं, केवल परिणाम चाहिए। लापरवाही और देरी पर कार्रवाई तय होगी।
सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम ने विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए कई योजनाओं की धीमी रफ्तार पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि वित्तीय प्रगति दिखाकर जिम्मेदारी से बचा नहीं जा सकता, धरातल पर काम भी समय पर पूरा होना चाहिए।
पोषण अभियान की खराब रैंकिंग, निर्माण कार्यों में देरी, ट्रांजिट हॉस्टल, पुलिस लाइन सीसी रोड, खाकी बाबा मंदिर, उदासीन मठ, बेलहरी कस्तूरबा विद्यालय और इब्राहिमाबाद आईटीआई परियोजनाओं की सुस्त प्रगति पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई।
बेलहरी परियोजना की जांच कराने और आईटीआई निर्माण में देरी पर कार्यदायी संस्था से जवाब तलब करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं और मेडिकल बाईपास के कार्य में भी तेजी लाने को कहा गया।
बैठक के अंत में डीएम ने स्पष्ट कर दिया कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और तय समयसीमा का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



