सरकारी तालाब पर अतिक्रमण की शिकायत पर डीएम का एक्शन, सीमांकन और सफाई के दिए निर्देश
बलिया। सदर तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान सरकारी तालाब की भूमि पर अतिक्रमण का मामला सामने आने पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
चितबड़ागांव क्षेत्र के एक शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि सरकारी तालाब की भूमि पर अतिक्रमण कर चार मकान बना लिए गए हैं, जिससे तालाब का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को तालाब की पैमाइश कराकर सीमांकन कराने, सरकारी भूमि पर खूंटा गाड़कर स्पष्ट चिन्हांकन करने तथा तालाब की साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी भूमि और सार्वजनिक संपत्तियों पर अवैध कब्जे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जांच पूरी कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें और सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की प्रक्रिया तेज करें।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।



