315 लीटर अवैध देशी शराब बरामद, शराब से लदी पिकअप सीज
बलिया। जनपद में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुबहड़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 315 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब से लदे एक पिकअप वाहन को सीज कर अज्ञात तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार सोमवार को जनाड़ी चौराहे से जनेश्वर मिश्र सेतु मार्ग पर वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन (UP60BT6233) की तलाशी ली गई। तलाशी में वाहन से ब्ल्यू लाइम ब्रांड की 35 पेटियां बरामद हुईं। प्रत्येक पेटी में 45-45 पाउच तथा प्रत्येक पाउच में 200 मिलीलीटर देशी शराब थी। इस प्रकार कुल 1575 पाउच (315 लीटर) अवैध देशी शराब बरामद की गई।
बरामदगी के बाद पुलिस ने पिकअप वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया। इस संबंध में दुबहड़ थाने में आबकारी अधिनियम की धारा 60(1), 63 एवं 72 के तहत अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई का नेतृत्व थानाध्यक्ष अनुपम जायसवाल ने किया। पुलिस फरार तस्करों की तलाश में जुटी है तथा मामले की विवेचना जारी है।



