प्रसव के नाम पर 40 हजार लेकर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने दबोचा, महिला की मौत से मचा था हड़कंप
बलिया। गड़वार थाना क्षेत्र में प्रसव के दौरान एक महिला की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैर-इरादतन हत्या के मुकदमे में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर प्रसव कराने के नाम पर रुपये लेने तथा महिला की हालत बिगड़ने पर उसे असहाय छोड़कर फरार होने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार रसड़ा थाना क्षेत्र के सरदासपुर निवासी टुनटुन राजभर ने गड़वार थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी पत्नी निर्मला देवी अपने मायके जोगापुर में प्रसव के लिए रह रही थीं। गांव की एक महिला चाँदमुनी तथा उसके पुत्र कृष्णा ने सुरक्षित डिलीवरी कराने का भरोसा देते हुए 40 हजार रुपये लिए। आरोप है कि प्रसव के बाद निर्मला देवी की हालत अचानक बिगड़ गई और उन्हें अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। स्थिति गंभीर होते देख दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
परिजन आनन-फानन में महिला को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए गड़वार पुलिस ने मृतका के पति की तहरीर पर गैर-इरादतन हत्या से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मामले में वांछित आरोपी कृष्णानन्द उर्फ कृष्णा क्षेत्र में मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम ने रतसड़-खेजुरी मार्ग स्थित जिगनी मोड़ के पास संत रविदास मंदिर के निकट घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। वहीं मामले में नामजद महिला आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



