कंपनी की ₹8.44 लाख की रकम हड़पने और फर्जी बैंक रसीद बनाने का आरोपी गिरफ्तार
बलिया । फेफना थाना पुलिस ने धोखाधड़ी, जालसाजी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने के मामले में लंबे समय से वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, पैसालो डिजिटल लिमिटेड के वाइस प्रेसिडेंट भीम शंकर चतुर्वेदी ने दिसंबर 2025 में फेफना थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कंपनी में कार्यरत रोहित सिंह (निवासी अमुवारी नारायणपुर, थाना जीयनपुर, जनपद आजमगढ़) ने ऋणधारकों से वसूली गई ₹8,44,873 की किश्तें कंपनी में जमा नहीं कीं।
आरोप है कि रकम जमा करने के बजाय उसने ₹7,29,150 की फर्जी बैंक रसीद तैयार कर कंपनी के ग्रुप एडमिन को व्हाट्सएप पर भेज दी। फर्जीवाड़े की जानकारी होने पर पूछताछ करने पर आरोपी ने धमकी भी दी।
इस मामले में फेफना थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही थी। सोमवार सुबह पुलिस ने आरोपी रोहित सिंह को माल्देपुर मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।



