
सरकारी खजाने पर केक कटिंग! बलिया कोषागार बना ‘बर्थडे हॉल’, सुरक्षा और नियमों पर उठे बड़े सवाल
बलिया। जिले के अति संवेदनशील माने जाने वाले कोषागार कार्यालय में जन्मदिन समारोह मनाए जाने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। आरोप है कि सरकारी कार्यालय की मर्यादा और सुरक्षा नियमों को दरकिनार कर कर्मचारियों द्वारा कोषागार परिसर में केक काटकर जन्मदिन मनाया गया, जिसमें बाहरी लोगों और परिजनों की भी मौजूदगी रही।
जानकारी के अनुसार, जिस कोषागार कार्यालय में सरकारी धन, वित्तीय अभिलेख और महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित रखे जाते हैं, वहां निजी समारोह आयोजित किया गया। घटना से जुड़े फोटो और वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक हलकों में भी सवाल उठने लगे हैं।
सबसे गंभीर पहलू यह बताया जा रहा है कि कोषागार जैसे प्रतिबंधित और संवेदनशील परिसर में बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश कैसे हुआ। आमतौर पर ऐसे कार्यालयों में सुरक्षा कारणों से प्रवेश नियंत्रित रहता है, लेकिन कथित जन्मदिन समारोह के दौरान कई लोगों की मौजूदगी चर्चा का विषय बनी हुई है।
सरकारी कर्मचारियों के आचरण नियमों के तहत कार्यालय परिसर का उपयोग निजी आयोजनों के लिए किए जाने पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि आरोप सही हैं तो यह सरकारी अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था दोनों की अनदेखी है।
मामले को लेकर अब जिला प्रशासन की भूमिका पर निगाहें टिकी हैं। सवाल यह है कि क्या इस पूरे प्रकरण की जांच होगी, क्या जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों से जवाब मांगा जाएगा, और क्या सरकारी कार्यालय को निजी समारोह का स्थल बनाने वालों पर कार्रवाई होगी?
फिलहाल कोषागार में मनाए गए इस कथित जन्मदिन समारोह ने सरकारी कार्यालयों में अनुशासन और जवाबदेही को लेकर नई बहस छेड़ दी है। प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार है।






