मासूम सिद्धार्थ की मौत ने झकझोरा, हादसे के आरोपी चारों बाइक सवार गिरफ्तार
बलिया। निर्माणाधीन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर लापरवाही से वाहन चलाने का एक दर्दनाक मामला सामने आया है। बैरिया थाना क्षेत्र के दयाछपरा गांव में रास्ता पार कर रहे छह वर्षीय मासूम सिद्धार्थ को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। मामले में बैरिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 6 नवंबर की है। पुलिस के मुताबिक, मासूम अपनी दादी के साथ रास्ता पार कर रहा था, तभी गलत दिशा से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। बाइक पर चार युवक सवार थे। हादसे के बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने 7 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर सीएचसी सोनबरसा के पास एनएच-31 से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करन रजक, गुलशन भारती, सूरज रजक और संतोष रजक के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया।
