सिकंदरपुर में जानलेवा हमले का आरोपी बाल अपचारी पुलिस अभिरक्षा में
17 वर्षीय किशोर ने चाकू से किया था हमला, झाड़ियों से वारदात में इस्तेमाल धारदार हथियार बरामद
बलिया। सिकंदरपुर थाना पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में कार्रवाई करते हुए एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल धारदार चाकू भी बरामद किया है। आरोपी की उम्र करीब 17 वर्ष पांच माह बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 5 नवंबर की सुबह वादी मुकदमा पर जान से मारने की नीयत से धारदार चाकू से हमला किया गया था। हमले के दौरान पीड़ित ने हाथ से बचाव करने का प्रयास किया, जिससे उसके हाथ में चोट लग गई। तहरीर, वादी के बयान और घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान स्वतंत्र चश्मदीद गवाहों के बयान के आधार पर सिकंदरपुर थाने में मुकदमा संख्या 281/26 के तहत धारा 109, 351(3) और 352 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद 17 वर्षीय आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर झाड़ियों से वारदात में इस्तेमाल एक धारदार चाकू बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आयुध अधिनियम की धारा 4/25 की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस ने दस्तावेजों के आधार पर आरोपी की उम्र 17 वर्ष 5 माह 1 दिन निर्धारित होने के बाद उसे बाल अपचारी घोषित किया। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी कर उसे नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है।