दीपावली पर डीएम की अपील, दूसरों के घर भी रोशन करें खुशियों के दीप
बलिया। दीपावली का पर्व केवल घरों को रोशन करने का नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में खुशियां बांटने का भी अवसर है। इसी संदेश के साथ जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने जनपदवासियों को धनतेरस एवं दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए त्योहार को प्रेम, सौहार्द और स्वच्छता के साथ मनाने की अपील की है।
जिलाधिकारी ने कहा कि दीपावली की खुशियां तभी पूरी होंगी, जब समाज का हर वर्ग इस पर्व में शामिल हो। उन्होंने लोगों से अपील की कि अपनी सामर्थ्य के अनुसार गरीबों, असहायों और जरूरतमंदों की मदद करें, ताकि आर्थिक कठिनाइयों के चलते कोई भी परिवार त्योहार की खुशियों से वंचित न रहे।
स्वच्छता का संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि घरों की सफाई के साथ गलियों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों को भी साफ रखना जरूरी है। घर का कूड़ा सड़क पर फेंककर स्वच्छता की जिम्मेदारी से बचा नहीं जा सकता। पूरा बलिया हमारा अपना घर है और इसे स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखना सभी नागरिकों का दायित्व है।
डीएम ने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए कम प्रदूषण वाले साधनों से दीपावली मनाने की अपील की। आतिशबाजी के दौरान विशेष सावधानी बरतने तथा बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा का ध्यान रखने को भी कहा।
उन्होंने जनपदवासियों से आपसी भाईचारे और सद्भाव की परंपरा को मजबूत करते हुए दीपोत्सव मनाने का आह्वान किया। साथ ही कामना की कि दीपावली का पर्व हर परिवार के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली लेकर आए।