अपहरण और दुष्कर्म के मामले में वांछित बाल अपचारी गिरफ्तार
बलिया। हल्दी थाना पुलिस ने अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामले में वांछित एक बाल अपचारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए उसे हल्दी-सहतवार मार्ग स्थित वसुधरपाह मोड़ के हनुमान मंदिर के पास से पुलिस अभिरक्षा में लिया।
पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक गंगा प्रसाद पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मुकदमा संख्या 171/2026 से संबंधित वांछित बाल अपचारी को सुबह करीब 10:25 बजे हिरासत में लिया गया।
उक्त मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 87, 64(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5L/6 के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए बाल अपचारी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।