महिलाओं की सुरक्षा को लेकर मैदान में उतरी बलिया पुलिस, मिशन शक्ति से बेटियों को किया जागरूक
बलिया। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने के लिए बलिया पुलिस ने मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत जनपदव्यापी जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा के निर्देश पर विभिन्न थानों की महिला सुरक्षा टीमों ने स्कूलों, बाजारों, मंदिरों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद किया।
अभियान के तहत आयोजित महिला चौपालों में महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। पुलिसकर्मियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, छेड़छाड़ या अनुचित व्यवहार को नजरअंदाज न करें, बल्कि इसकी सूचना तत्काल पुलिस या परिजनों को दें।
बालिकाओं को गुड टच-बैड टच के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श की पहचान करने के बारे में बताया गया। साथ ही साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी और सोशल मीडिया के सावधानीपूर्वक इस्तेमाल को लेकर भी जरूरी सुझाव दिए गए।
महिला सुरक्षा टीमों ने विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए जागरूकता पंपलेट बांटे। महिलाओं को 1090 महिला पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपात सेवा और 1930 साइबर हेल्पलाइन सहित जरूरी नंबरों से अवगत कराया गया।
उधर, एंटी रोमियो टीमों ने स्कूलों, कोचिंग सेंटरों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी। पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने के साथ महिला सुरक्षा के प्रति समाज की जिम्मेदारी और जनसहभागिता को मजबूत किया जा रहा है।
