बलिया में चुनावी सुरक्षा का खाका तैयार, 54 बूथों पर रहेगी प्रशासन की पैनी नजर
बलिया। स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद चुनाव को लेकर बलिया में प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए गुरुवार को पुलिस लाइन में अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग की गई।
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मतदान के दौरान पूरी सतर्कता बरती जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
जिले में मतदान के लिए 20 पोलिंग सेंटर और 54 बूथ बनाए गए हैं। प्रत्येक बूथ पर माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात रहेंगे। मतदान शुरू होने से लेकर समाप्ति तक की गतिविधियों की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई जाएगी।
एसपी ने पुलिसकर्मियों को समय से ड्यूटी स्थल पर पहुंचने, मतदाताओं के पहचान पत्रों की जांच करने और मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए। मतपेटिकाओं की निगरानी तथा प्रतिबंधित सामग्री पर रोक लगाने को भी कहा गया।
डीएम ने बताया कि निर्वाचन आठ जिलों में संपन्न होगा और मतगणना वाराणसी में होगी। उन्होंने जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन कराने को कहा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मतदान प्रक्रिया की निष्पक्षता और शांति बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। चुनाव ड्यूटी में लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


