जमीन विवाद में महिला पर जानलेवा हमले का आरोपी गिरफ्तार रसड़ा पुलिस ने बाढ़ू बांध चौराहे से दबोचा, बीएचयू ट्रामा सेंटर में चल रहा घायल महिला का इलाज
बलिया। जमीन में मिट्टी डालने को लेकर हुए विवाद में महिला पर हमले के मामले में रसड़ा पुलिस ने एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान कामसीपुर निवासी दयाशंकर यादव पुत्र स्वर्गीय इंद्रदेव यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे सोमवार सुबह बाढ़ू बांध चौराहे के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, 31 जुलाई 2026 को दर्ज शिकायत में आरोप लगाया गया था कि जमीन में मिट्टी डालने का विरोध करने पहुंची महिला के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई। हमले में महिला के सिर पर गंभीर चोट आई थी, जिसके बाद उन्हें बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया।
मामले में थाना रसड़ा पर मुकदमा अपराध संख्या 259/2026 दर्ज कर वांछित आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में उपनिरीक्षक अजय सिंह की टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दयाशंकर यादव को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 109(1), 115(2) और 352 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

