त्योहारों की खुशियां सौहार्द के साथ मनाएं, बलिया के विकास में दें योगदान: डीएम
बलिया। नवरात्रि और विजयदशमी के अवसर पर जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने जनपदवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए आपसी एकता, प्रेम और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पर्वों की वास्तविक खुशी तभी है, जब समाज में शांति, सद्भाव और परस्पर सम्मान बना रहे।
जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह के उपद्रव से दूर रहें और ऐसा कोई कार्य न करें, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो। उन्होंने कहा कि सभी वर्गों के लोग मिल-जुलकर पर्व मनाएं और जनपद में आपसी विश्वास की भावना को मजबूत करें।
डीएम ने कहा कि बलिया की समस्याओं का समाधान सामूहिक प्रयासों और जनसहयोग से संभव है। इसके लिए प्रत्येक नागरिक को सकारात्मक सोच के साथ जनपद की उन्नति में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने आशा जताई कि आपसी सहयोग और एकजुटता से बलिया विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।


