सुबह 10 बजे तक कार्यालय पहुंचें अधिकारी, अनुपस्थित मिलने पर डीएम सख्त विकास भवन के कार्यालयों का औचक निरीक्षण, सहकारिता विभाग के अधिकारी से मांगा स्पष्टीकरण
बलिया। जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने शुक्रवार को विकास भवन स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति जांची। निरीक्षण के दौरान सहकारिता विभाग के अधिकारी अनुपस्थित पाए गए। इस पर डीएम ने संबंधित अधिकारी को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने प्रांतीय पीआरडी कार्यालय का भी निरीक्षण किया। आगामी चुनाव के मद्देनजर उन्होंने पीआरडी जवानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने को कहा।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन सुबह 10 बजे तक कार्यालय में उपस्थित होकर विभागीय कार्यों का निस्तारण करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता से जुड़े मामलों में लापरवाही और कार्यालय से गैरहाजिरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्देशों का पालन नहीं करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ आलोक कुमार, सीआरओ गुलशन जी, डीडीओ आनंद प्रकाश समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



