मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका, 17 अक्टूबर से लगेंगे विशेष कैंप डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने राजनीतिक दलों के साथ की बैठक, चार जनवरी 2027 को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
बलिया। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इसमें मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण और मतदान केंद्रों के पुनर्गठन की रूपरेखा पर चर्चा की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 18 से 20 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं सहित नए पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने के लिए 17 से 24 अक्टूबर तक विशेष कैंप लगाए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र युवा मतदाता बनने से वंचित न रहे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दो नवंबर तक मतदेय स्थलों का सम्भाजन एवं पुनर्स्थापन पूरा होगा। 12 नवंबर तक मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक कर चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
बैठक में 1200 से अधिक मतदाताओं वाले बूथों पर नया बूथ बनाने तथा सभी मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश भी दिए गए। सत्यापन में मतदाताओं की संख्या, जेंडर रेशियो और ईपी रेशियो की जानकारी जुटाई जाएगी।
बैठक में सीडीओ आलोक कुमार समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



