गड़वार में मुठभेड़ के बाद कथित गौ तस्कर गिरफ्तार, तमंचा और कारतूस बरामद पुलिस की जवाबी फायरिंग में बाएं पैर में लगी गोली, सीएचसी रतसर में चल रहा उपचार
बलिया। गड़वार थाना क्षेत्र में शनिवार की देर रात पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गौ तस्करी के आरोपित सुगनी नट को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतसर भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर की रात करीब 12:55 बजे शाहपुर नट बस्ती के पास नहर पुलिया पर चेकिंग के दौरान संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को देखकर आरोपी ने कथित तौर पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी घायल हो गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुगनी नट (32), पुत्र अजीज नट उर्फ परशुराम नट, निवासी आलमपुर, थाना गड़वार, बलिया के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी के अपने साथियों के साथ आवारा गोवंश को वाहनों में लादकर वध के लिए बिहार ले जाने की घटनाओं में शामिल होने की जानकारी मिली है। पुलिस मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।



