23 अक्टूबर को मतदान के लिए पात्र कर्मचारियों को मिलेगा विशेष आकस्मिक अवकाश
बलिया। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के तहत 23 अक्टूबर को मतदान होगा। इस दिन मतदान करने वाले पात्र कर्मचारियों को विशेष आकस्मिक अवकाश की सुविधा प्रदान की जाएगी।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के घोषित कार्यक्रम के अनुसार जनपद में आयोग से अनुमोदित मतदेय स्थलों पर मतदान कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग की विज्ञप्ति के अनुसार, राज्य के ऐसे कर्मचारी जो संबंधित स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के बोनाफाइड मतदाता हैं, उन्हें मतदान में भाग लेने के लिए विशेष आकस्मिक अवकाश अनुमन्य होगा। इसके तहत पात्र कर्मचारी 23 अक्टूबर को अवकाश लेकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।
- प्रशासन का उद्देश्य पात्र कर्मचारियों को मतदान के दिन सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।

