पुलिस अधीक्षक ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर किया नमन
बलिया । रिजर्व पुलिस लाइन बलिया में बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस-2026 के अवसर पर शोक परेड आयोजित कर कर्तव्य निभाते हुए प्राण न्योछावर करने वाले पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों के वीर जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा सहित अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर शहीदों को नमन किया। सशस्त्र पुलिस टुकड़ियों ने शोक सलामी दी और दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को याद किया। पुलिस अधीक्षक ने शहीद जवानों के नामों का वाचन भी किया।
कार्यक्रम में 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में चीनी सैनिकों के हमले का सामना करते हुए शहीद हुए पुलिसकर्मियों के बलिदान को याद किया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शहीदों का सर्वोच्च बलिदान पुलिस बल को निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ जनसेवा करने की प्रेरणा देता है। बलिया पुलिस शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा, क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा, विभिन्न थानों के प्रभारी, पुलिसकर्मी और सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।


