सिकंदरपुर में 76 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे, डीएम ने दिया सुखी दांपत्य जीवन का आशीर्वाद
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में बेटियों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर जोर, नवदंपतियों को पौधरोपण का संदेश
बलिया। सिकंदरपुर स्थित गांधी इंटर कॉलेज में शनिवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। समारोह में 76 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने मंत्रोच्चार के बीच कार्यक्रम का शुभारंभ किया और नवदंपतियों को पुष्प अर्पित कर सुखमय वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।
जिलाधिकारी ने कहा कि विवाह जीवन के नए अध्याय की शुरुआत है। नवदंपति आपसी प्रेम, विश्वास और सहयोग के साथ अपने परिवार को खुशहाल बनाएं। उन्होंने समाज से बेटियों को बोझ समझने के बजाय उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देने की अपील की।
वधू के खाते में भेजे जाएंगे 64 हजार रुपये
डीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत वधू के खाते में 64 हजार रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से भेजने का प्रावधान है। इसके अतिरिक्त लगभग 21 हजार रुपये की घरेलू सामग्री तथा टेंट और भोजन की व्यवस्था के लिए 15 हजार रुपये निर्धारित हैं। इस प्रकार प्रति विवाह कुल एक लाख रुपये की व्यवस्था है। योजना के तहत नवदंपतियों को 27 प्रकार की घरेलू उपयोग की सामग्री भी उपलब्ध कराई जा रही है।
योजनाओं का लाभ लेकर बनें आत्मनिर्भर
जिलाधिकारी ने पात्र परिवारों से सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने युवाओं को रोजगार के अवसर तलाशने तथा महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आर्थिक आत्मनिर्भरता परिवारों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
पौधे को बनाएं नए जीवन की यादगार
पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए डीएम ने नवदंपतियों से पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पौधरोपण के जरिए पर्यावरण को सुरक्षित रखने में प्रत्येक व्यक्ति योगदान दे सकता है।
समारोह में मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार, जिला विकास अधिकारी आनंद प्रकाश, वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद दुबे, जिला प्रोबेशन अधिकारी अमरेंद्र कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण विभाग के रमेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

