नवरात्र-दशहरा पर सुरक्षा का सख्त पहरा, नदियों में मूर्ति विसर्जन पर रोक डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने पूजा समितियों के साथ की बैठक, पंडालों में अग्निशमन यंत्र अनिवार्य; रात में बढ़ेगी पुलिस गश्त
बलिया। शारदीय नवरात्र और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों, रामलीला कमेटियों और दुर्गा पूजा समितियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, साफ-सफाई, बिजली, रोशनी और विसर्जन व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन नदियों में नहीं, बल्कि निर्धारित पोखरों और तालाबों में ही कराया जाए।
डीएम ने कहा कि सभी पूजा पंडालों में सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए। पंडालों में अग्निशमन यंत्र, बालू से भरी बाल्टियां और पर्याप्त पानी की व्यवस्था रहे। प्रमुख पंडालों का अग्निशमन विभाग से सुरक्षा ऑडिट कराया जाए। बिजली के तार पंडालों के ऊपर से नहीं गुजरने चाहिए और न ही मूर्तियों की स्थापना बिजली के खंभों के पास की जाए। पंडालों में लटकते तारों को तत्काल ठीक कराने तथा श्रद्धालुओं के आवागमन का रास्ता बाधित नहीं होने देने के निर्देश भी दिए गए।
विसर्जन स्थलों पर रहेंगी जरूरी सुविधाएं
जिलाधिकारी ने विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त पानी, साफ-सफाई और रोशनी की व्यवस्था समय से पूरी करने को कहा। उन्होंने खराब रोड लाइटों को तत्काल ठीक कराने और पूजा स्थलों तक पहुंचने वाले रास्तों की स्थिति दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। सभी टाउन एरिया के मंदिरों और पूजा स्थलों पर सफाई तथा श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को भी कहा गया।
रात में गश्त, समितियों को भी सतर्क रहने के निर्देश
पुलिस विभाग को पर्व के दौरान सतर्कता बढ़ाने और रात में नियमित गश्त करने के निर्देश दिए गए। पूजा समितियों के सदस्यों को रात में भी पंडालों पर मौजूद रहने तथा किसी समस्या की सूचना तत्काल अधिकारियों को देने को कहा गया। प्रत्येक समिति के कम से कम एक सदस्य का मोबाइल नंबर संबंधित थानाध्यक्ष के पास उपलब्ध रहेगा। डीजे संचालकों को भी अनावश्यक ऊंचाई से बचने की हिदायत दी गई, ताकि दुर्घटना की आशंका न रहे।
डीएम ने सभी एसडीएम और विद्युत विभाग के अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में पूजा पंडालों एवं विसर्जन स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी।
बैठक में एडीएम अनिल कुमार, पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, सभी एसडीएम और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



