स्काउट-गाइड शिविर में दिखेगा हुनर, डीएम ने किया जांच शिविर का उद्घाटन
बलिया । अनुशासन, नेतृत्व और समाजसेवा की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से ए.एस.एम. कान्वेंट स्कूल, सुखपुरा में आयोजित भारत स्काउट और गाइड के राज्य पुरस्कार एवं तृतीय सोपान जांच शिविर का शुभारंभ जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।
शिविर में राज्य पुरस्कार जांच के लिए 12 स्काउट और 14 गाइड सहित कुल 26 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। वहीं, तृतीय सोपान जांच शिविर में लगभग 100 स्काउट-गाइड शामिल हुए। प्रतिभागियों की व्यावहारिक दक्षता, अनुशासन, सहयोग और नेतृत्व क्षमता को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से परखा गया।
सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त शैलेश प्रकाश की देखरेख में आयोजित शिविर में प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को स्काउटिंग-गाइडिंग के नियमों और सेवा के मूल्यों से जुड़ी गतिविधियों का मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम में जिला सचिव राजेश कुमार सिंह, जिला संगठन आयुक्त गाइड सरिता, जिला संगठन आयुक्त स्काउट सौरभ कुमार पाण्डेय, जिला स्काउट मास्टर अरविन्द कुमार सिंह सहित विभिन्न पदाधिकारी एवं प्रशिक्षक सक्रिय रहे।
विद्यालय के अध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार सिंह और प्रधानाचार्य अजीत कुमार पाण्डेय के सहयोग से शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला कमिश्नर स्काउट डॉ. विश्वरंजन सिंह, जिला कमिश्नर गाइड प्रतिमा सिंह तथा जिला प्रशिक्षण आयुक्त निर्भय नारायण सिंह समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।
शिविर के माध्यम से प्रतिभागियों को अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करने और अनुशासन, आत्मनिर्भरता तथा समाजसेवा के मूल्यों को व्यवहार में उतारने का अवसर मिला।



