बलिया में थाना समाधान दिवस: 75 शिकायतें आईं, 11 का मौके पर निस्तारण
बलिया। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए शनिवार को जिले के सभी थानों पर थाना समाधान दिवस आयोजित किया गया। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने कोतवाली एवं सुखपुरा थाने में जनसुनवाई कर फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनपद के थानों पर कुल 75 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 11 मामलों का पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर ही निस्तारण किया। शेष शिकायतें राजस्व से संबंधित होने के कारण उनके समाधान के लिए संबंधित टीमों को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान डीएम और एसपी ने कोतवाली तथा सुखपुरा थाने का औचक निरीक्षण भी किया। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण निष्पक्षता और समयबद्धता के साथ किया जाए, ताकि फरियादियों को अनावश्यक रूप से विभिन्न कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।



