दहेज हत्या के मामले में पति और सास गिरफ्तार, भीमपुरा पुलिस की कार्रवाई
बलिया। थाना पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में वांछित चल रहे पति और सास को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेजा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त 2026 को पीड़ित पक्ष की ओर से थाने में तहरीर दी गई थी। आरोप लगाया गया कि वादी की चचेरी बहन की शादी 29 अप्रैल 2021 को राकेश कुमार यादव पुत्र कमलेश यादव निवासी शाहपुर (यादवनगर), थाना भीमपुरा के साथ हुई थी। आरोप है कि विवाह के बाद ससुराल पक्ष द्वारा दहेज को लेकर महिला को प्रताड़ित किया जाता था और उसकी जान ले ली गई।
मामले में थाना भीमपुरा पर मु0अ0सं0 128/2026, धारा 85, 80(2) बीएनएस एवं धारा 4 डीपी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम वांछित आरोपियों की तलाश में क्षेत्र में मौजूद थी। इसी बीच मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पति राकेश कुमार यादव तथा सास इसरावती देवी पत्नी कमलेश यादव, दोनों निवासी शाहपुर (यादवनगर), थाना भीमपुरा को बरौली-सब्दलपुर मार्ग पर सब्दलपुर चट्टी से करीब 100 मीटर पहले से सुबह करीब 7:20 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार दोनों आरोपियों को उनके विरुद्ध दर्ज धाराओं से अवगत कराते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला एवं क्षेत्राधिकारी रसड़ा रजनीश कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष भीमपुरा रंजीत विश्वकर्मा के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक धर्मवीर यादव एवं पुलिसकर्मी शामिल रहे।