वोटर लिस्ट में महिलाओं की संख्या बढ़ाने की चुनौती, डीएम ने राजनीतिक दलों को जोड़ा अभियान से
बलिया। मतदाता सूची में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए बलिया जिला प्रशासन ने अब राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग की अपील की है। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि जिले का जेंडर रेशियो कम होना चिंता का विषय है। इसे सुधारने के लिए प्रशासनिक प्रयासों के साथ जनजागरूकता भी जरूरी है।
सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मतदेय स्थलों के सम्भाजन को लेकर आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने मतदाता सूची से संबंधित कार्यों पर चर्चा की। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करें, ताकि कोई भी पात्र महिला मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए।
नई बहुओं और युवतियों पर विशेष ध्यान
डीएम ने खास तौर पर उन महिलाओं को मतदाता सूची में शामिल कराने पर जोर दिया, जो शादी के बाद बलिया जिले में आई हैं। इसके साथ ही 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी युवतियों को भी मतदाता बनने के लिए प्रेरित करने की बात कही।
उन्होंने बताया कि बीएलओ और एसडीएम इस दिशा में लगातार काम कर रहे हैं, लेकिन राजनीतिक दलों की भागीदारी से अभियान को और प्रभावी बनाया जा सकता है। पात्र महिलाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल होने से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी मजबूत होगी।
बैठक में एडीएम अनिल कुमार, सभी उपजिलाधिकारी और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


