मोबाइल टावर से केबल चोरी का खुलासा, पुलिस ने आरोपी को दबोचा 17 मीटर केबल, तार काटने वाला कटर और 500 रुपये बरामद
बलिया। नगरा थाना पुलिस ने मोबाइल टावर से पावर केबल चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से चोरी के केबल तार के टुकड़े, तार काटने वाला कटर और 500 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 12 अक्टूबर को रेकुआनसीरपुर गांव स्थित इंडस टावर से पावर केबल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।
इसी क्रम में 13 अक्टूबर को उपनिरीक्षक संदीप कुमार की टीम ने मुखबिर की सूचना पर रेकुआनसीरपुर मार्ग के पास से पवन चौहान (23), निवासी इंदासो, थाना नगरा, को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे और निशानदेही पर करीब 17 मीटर हरे व लाल रंग के केबल तार के टुकड़े, एक तार कटर और 500 रुपये नकद बरामद किए। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।



