सीएम डैशबोर्ड की खराब रैंकिंग पर भड़के डीएम, अधिकारियों को लगाई फटकार आईजीआरएस शिकायतों पर रोजाना फीडबैक लेने और सोलर पैनल के प्रति लोगों को जागरूक करने के निर्देश
बलिया। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड एवं आईजीआरएस की समीक्षा बैठक में खराब रैंकिंग और जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर नाराजगी जताई। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में जिले की सी रैंकिंग मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए तथा लोगों को सोलर पैनल लगवाने के लिए प्रेरित करने को कहा।
आईजीआरएस की समीक्षा में शिकायतकर्ताओं से संपर्क नहीं करने और छह विभागों का फीडबैक शून्य मिलने पर डीएम ने कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने प्रतिदिन शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लेने और निस्तारण आख्या समय से पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया। साथ ही जिले के सभी 17 ब्लॉकों में अनाथ बच्चों को चिह्नित कर मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना से लाभान्वित करने को कहा।
डीएम ने पंचायत भवनों में संबंधित कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा खाकी बाबा खनवर, विद्यालयों और पुलिस आवास के निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ आलोक कुमार, डीडीओ आनंद प्रकाश सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।



