गहने साफ करने के नाम पर महिलाओं को बनाते थे निशाना, मुठभेड़ के बाद दो गिरफ्तार
बलिया। भीमपुरा थाना पुलिस ने गांव-गांव घूमकर महिलाओं के आभूषण साफ करने के बहाने चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को पुलिस ने मौके से दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार 27 अगस्त की रात इब्राहिम पट्टी-उद्धरन मार्ग पर प्रेमरजा गांव के पास चेकिंग के दौरान संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। इसी दौरान आरोपियों की ओर से पुलिस टीम पर फायरिंग की गई। जवाबी कार्रवाई में अरविन्द सोनी निवासी पंचवीर, बेगूसराय (बिहार) के पैर में गोली लगी। उसके साथी पंकज सोनी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी महिलाओं को गहने और पुराने पीतल के बर्तन साफ करने का झांसा देते थे और इसी दौरान उनके आभूषण लेकर फरार हो जाते थे। पुलिस ने 21 और 24 अगस्त को हुई ऐसी घटनाओं का भी खुलासा होने का दावा किया है।
आरोपियों के कब्जे से तीन पीली धातु के आभूषण, 15,600 रुपये नकद, .315 बोर का तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस तथा मोटरसाइकिल बरामद की गई है। घायल आरोपी का सीएचसी नगरा में उपचार कराया गया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



