सीएम डैशबोर्ड में खराब प्रदर्शन पर डीएम का चाबुक, सभी बीडीओ का वेतन रोका
बलिया। जिले की विकास योजनाओं और जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही को लेकर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सोमवार को अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई। कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा के दौरान खराब रैंकिंग सामने आने पर डीएम ने कई विभागों के अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण में लक्ष्य के अनुरूप आवास स्वीकृत नहीं होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए सभी बीडीओ का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक कहा कि योजनाओं की धीमी प्रगति का असर जिले की रैंकिंग पर पड़ रहा है और इसमें किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जननी सुरक्षा योजना और जल जीवन मिशन की रैंकिंग ‘सी’ मिलने पर भी डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दोनों योजनाओं की रैंकिंग ‘ए’ श्रेणी में लाने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने को कहा। स्टाम्प रजिस्ट्रेशन और पोषण अभियान की खराब रैंकिंग पर भी सुधार के निर्देश दिए गए।
स्टेडियम निर्माण की धीमी गति पर राजकीय निर्माण निगम को नोटिस
स्टेडियम निर्माण में खर्च हुई धनराशि के मुकाबले अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने राजकीय निर्माण निगम के प्रति नाराजगी जताई और नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कृषि विभाग की प्रगति में लापरवाही पाए जाने पर उप कृषि निदेशक और जिला कृषि अधिकारी का वेतन रोकने का आदेश दिया गया। खराब प्रगति वाले अन्य निर्माण कार्यों पर संबंधित विभागों से स्पष्टीकरण भी मांगा गया।
आईजीआरएस में भी लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त
बैठक में आईजीआरएस की समीक्षा के दौरान डीएम ने अधिकारियों को प्रतिदिन पोर्टल चेक करने और प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि शिकायत बंद करने से पहले शिकायतकर्ता से संपर्क कर उसका फीडबैक लिया जाए और संतोषजनक प्रतिक्रिया के बाद ही निस्तारण आख्या पोर्टल पर अपलोड की जाए।
समय सीमा पार होने के बावजूद शिकायतें लंबित मिलने पर संबंधित अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि भी सुनिश्चित होनी चाहिए।
बैठक में सीडीओ आलोक कुमार, सीएमओ डॉ. अभय कुमार राय, डीडीओ आनंद प्रकाश सहित विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

