फरियादियों को मिलेगी पर्ची, शिकायतों की होगी निगरानी, एसपी डॉ. ईरज राजा ने लागू की नई जनसुनवाई व्यवस्था, बिचौलियों की भूमिका पर अंकुश लगाने की पहल
बलिया। पुलिस कार्यालय में शिकायत लेकर पहुंचने वाले फरियादियों को अब अपनी समस्या के निस्तारण के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देशन में जनसुनवाई व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए पर्ची सिस्टम लागू किया गया है। इसके तहत प्रत्येक फरियादी की शिकायत का विवरण दर्ज कर उसे टोकन पर्ची दी जाएगी, जबकि शिकायत से संबंधित दूसरी पर्ची प्रार्थना पत्र के साथ संबंधित अधिकारी को भेजी जाएगी।
नई व्यवस्था के तहत शिकायतकर्ता का नाम, पता, संबंधित थाना और समस्या का विवरण दर्ज किया जाएगा। इससे शिकायतों की निगरानी करने और उन पर हुई कार्रवाई की जानकारी जुटाने में सहूलियत होगी। पुलिस का उद्देश्य शिकायतों को संबंधित अधिकारी तक पहुंचाने के साथ उनके निस्तारण की प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाना है।
एसपी के निर्देश पर जिले के सभी थानों और चौकियों के अलावा क्षेत्राधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी एवं दक्षिणी तथा अन्य राजपत्रित अधिकारी अपने निर्धारित कार्यालयों में तय समय पर जनसुनवाई करेंगे। इससे फरियादियों को अधिकारियों से मिलने के लिए अनावश्यक भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी।
विवेचना से संबंधित शिकायतों की जांच संबंधित उच्चाधिकारियों से कराई जाएगी। पुलिस के अनुसार, पर्ची सिस्टम से शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता लाने, बिचौलियों की भूमिका सीमित करने और समयबद्ध कार्रवाई की निगरानी करने में मदद मिलेगी।


