मण्डलायुक्त विजय विश्वास पंत ने शनिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बांसडीह का निरीक्षण किया। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर मिली दुर्व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए सुधार लाने की चेतावनी दी। वहां पिछले दस वर्ष से तैनात चिकित्सा अधीक्षक डॉ सुधीर तिवारी को शीघ्र स्थानान्तरण के लिए प्रदेश मुख्यालय पर डीओ लेटर भेजने के निर्देश दिए।
मण्डलायुक्त ने अस्पताल की हर व्यवस्था का देखा। जननी सुरक्षा योजना की स्थिति खराब मिलने व उससे सम्बन्धित रिकार्ड सही सटीक नहीं दिखा पाने पर चिकित्सा अधीक्षक व सम्बन्धित कर्मचारी को जमकर फटकार लगाई। कुछ अभिलेख चादर से ढ़के जाने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि चिकित्सा अधीक्षक के साथ-साथ उन कर्मचारियों को भी स्थानान्तरित किया जाए,जो यहां काफी लम्बे समय से तैनात हैं। कोविड टीकाकरण, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से सम्बन्धित अभिलेख आदि की भी जांच पड़ताल की।
विकास खंड कार्यालय का किया निरीक्षण
मण्डलायुक्त विजय विश्वास पंत ने विकास खंड बांसडीह का भी निरीक्षण किया। कार्यालय की साफ सफाई व अभिलेखों की जांच पड़ताल की। उन्होंने विकास खंड पर आई एक महिला ने बताया कि उसका आवास एक बार स्वीकृत होने के बाद दोबारा काट दिया गया। इस पर कमिश्नर ने खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि इसकी जांच करें और मौके पर जो सच्चाई मिले, उसके हिसाब से कार्यवाही कर अवगत कराएं। अभिलेखों का रखरखाव और बेहतर करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी अदिति सिंह,सीएमओ डॉ तनमय कक्कड़ सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।