बलिया –
राज्य महिला आयोग की सदस्य निर्मला द्विवेदी ने लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में महिला जन सुनवाई की। उन्होंने सबसे पहले महिला कल्याण विभाग के समस्त अधिकारियों और जिम्मेदार कर्मचारियों, महिला एसओ व अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि महिलाओं से जुड़ी समस्या का निस्तारण सरकार की प्राथमिकताओं में एक है। इसलिए किसी भी स्तर पर महिलाओं की बात पूरी गंभीरता से सुना जाए। समीक्षा बैठक में एसडीएम राजेश यादव, मुख्य चिकित्साधिकारी डा राजेंद्र प्रसाद, बेसिक शिक्षा विभाग से नुरूल हुदा, महिला थानाध्यक्ष सरोज यादव, महिला कल्याण अधिकारी पूजा सिंह, वन स्टॉप सेंटर मैनेजर प्रिया सिंह मौजूद थीं।
महिला अस्पताल का किया निरीक्षण
राज्य महिला आयोग की सदस्य निर्मला द्विवेदी ने जनपद भ्रमण के दौरान जिला महिला चिकित्सालय का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सभी वार्ड में जाकर मरीजों का हाल जाना। साफ-सफाई की कमी मिलने पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका सुमिता सिन्हा को निर्देश दिया कि स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए। यह भी कहा कि अस्पताल में आने वाले हर मरीजों को पूरी सहूलियत दी जाए और बेहतर चिकित्सा व्यवस्था मुहैया कराई जाए। वहीं पर संचालित वैक्सीनेशन सेंटर के निरीक्षण के दौरान वहां की व्यवस्था पर संतोष जाहिर किया।